गांव-गांव पहुंचेगी प्रशासनिक व्यवस्था, कैंप लगाकर होगी समस्याओं की सुनवाई,सीधी कलेक्टर ने दिए निर्देश
सीधी
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा द्वारा समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी समय-सीमा में प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक अनावश्यक रूप से न आना पड़े, इसके लिए प्रशासन को उनके निकट पहुंचकर कार्य करना होगा। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह दो जिलास्तरीय कैंपों का आयोजन किया जाएगा, वहीं विकासखंड स्तर पर एसडीएम द्वारा नियमित रूप से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की भौगोलिक एवं सामाजिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला मुख्य रूप से ग्रामीण है और अधिकांश लोग कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़े हैं। ऐसे में अधिकारियों को किसानों और ग्रामीणों की आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने होंगे तथा संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।
सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी सेवाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि शिकायतों का स्थायी समाधान हो और जिले की रैंकिंग में सुधार आए। इसके साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्रदाय सेवाओं को निर्धारित समय में प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, चुरहट विकास आनंद, गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आरपी त्रिपाठी, कुसमी शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, प्रियल यादव सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ