झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत,पैथालॉजी की आड़ में चला रहा था अवैध क्लीनिक
घटना मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगीपहाडी की
मझौली
जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही के चलते एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कथित झोलाछाप डॉक्टर लंबे समय से पैथोलॉजी लैब की आड़ में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर रहा था और मरीजों का इलाज भी कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका नवानगर ( खडौ़रा) निवासी साकेत परिवार की है, महिला के पेट में दर्द की शिकायत लेकर उसके पति सुखदीन साकेत उक्त झोलाछाप डॉक्टर के पास पहुंचे थे, जहां झोलाछाप डॉक्टर ने बिना किसी उचित जांच के ही दवाई कर दी, और अगले दिन महिला की मौत हो गई।
यह हैं पूरा मामला
घटना के संबंध में मृतिका के पति ने जानकारी देते हुए बताया हमारी पत्नी के पेट में दर्द था जिसको लेकर ए के डायग्नोस्टिक सेंटर में अजय केवट के पास ले गए जहां पत्नी को दो बॉटल और 3 इंजेक्शन लगाया और दवाई दिए ऑटो का किराया देकर घर भेज दिए इसके बाद उसको घर लेकर आ गए रात में कोई राहत तो नहीं हुई हमारी पत्नी को ब्लीडिंग ज्यादा होने लगी हालत बिगड़ने पर अगले दिन सुबह खड़ौरा में स्थिति सौम्या मेडिकल में ले गए जहां उनके द्वारा बिना दवाई के वापस कर दिए बोले जहां पहले कराएं हैं वही ले जाएं तब हम लोगों ने जोगीपहाड़ी में स्थित क्लिनिक ए के डायग्नोस्टिक सेंटर में ले गए, महिला की हालत देख कथित डॉक्टर अजय केवट सरकारी अस्पताल में भेज दिया जिससे उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की कर रही जांच
गलत दवा के चलते महिला की मौत से नाराज परिजनों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस ने मामले को संज्ञान लेते हुए मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। खास बात यह है कि मझौली अंचल में झोलाझाप डॉक्टरों की क्लीनिक गली गली में खुल गई है, इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिसके चलते आए दिन गलत उपचार के चलते आए दिन लोगों की जान जा रही है।

0 टिप्पणियाँ