सीधी: गोपद नदी में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन सख्त, रास्ते में गड्ढे खोद कर मार्ग कराया गया अवरुद्ध
सीधी
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री विकास मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला खनिज अधिकारी श्री कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी खनि निरीक्षक श्री शिशिर यादव एवं श्री देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में खनिज विभाग एवं थाना कुसमी के संयुक्त दल द्वारा ग्राम गोतरा स्थित गोपद नदी घाटों में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्रवाई की गई।
दिनांक 29 मार्च 2026 को संयुक्त दल द्वारा मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन में प्रयुक्त मार्ग को गड्ढा खोदकर अवरुद्ध किया गया, ताकि रेत के अवैध परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाई जा सके।
यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को कुसमी (टमसार) में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायत के आधार पर कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप की गई है।
वाहन जब्ती की भी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 26 मार्च 2026 को खनिज विभाग की टीम द्वारा गोतरा एवं आसपास के क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान दो हाइवा वाहन (क्रमशः MP53ZE8899 एवं बिना नंबर का वाहन MAT448236JAA01437) को अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर उनके चालकों/स्वामियों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ