सीधी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, खनिज विभाग ने जेसीबी सहित 4 वाहन किए जब्त
सीधी
सीधी जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज दल द्वारा 06 अप्रैल 2026 को दिन एवं रात्रि में गोपदबनास, मझौली एवं मड़वास क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान ग्राम पड़रिया, तहसील बहरी में शिकायत की पुष्टि पर एक बिना नंबर की जेसीबी मशीन एवं एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए गए। आवश्यक वैधानिक दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों वाहनों को जब्त कर थाना यातायात सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसी प्रकार रात्रि में ग्राम निधिपुरी, तहसील मड़वास स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर एवं एक 407 वाहन को रोका गया। कार्रवाई के दौरान चालक मौके पर रेत खाली कर फरार हो गए। तीनों वाहनों को लावारिस हालत में जब्त कर थाना मड़वास में सुरक्षित रखा गया है।
संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही बिना नंबर के वाहनों के उपयोग पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र प्रेषित किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि खनिजों का उपयोग केवल वैधानिक रूप से ही करें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि खनिज विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध खनन से जुड़े 200 प्रकरण दर्ज कर लगभग 1.13 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया है, जबकि जिले में कुल 37.22 करोड़ रुपए का खनिज राजस्व अर्जित कर शासन के खाते में जमा कराया गया है, जो गत वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है।

0 टिप्पणियाँ