एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार ने रचा सफलता का इतिहास, कक्षा 12वीं CBSE परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम
सीधी: जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, टंसार ने सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के सफल होने से विद्यालय परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल है।
विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 48 विद्यार्थी शामिल हुए थे और सभी 48 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इनमें से 46 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की, जबकि 2 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि समर्पित शिक्षण, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों की मेहनत मिलकर असाधारण परिणाम दे सकती है। इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
विद्यालय परिवार ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय टंसार का यह गौरवपूर्ण परिणाम जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में जुड़ गया है।

0 टिप्पणियाँ