सीधी में अतिक्रमण पर सख्ती: 18 शासकीय स्कूल हुए मुक्त, कलेक्टर के एक्शन से तेज हुई मुहिम
सीधी।
जिले में शासकीय स्कूलों से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नवागत कलेक्टर विकास मिश्रा के पदभार संभालते ही जिले में यह अभियान तेज हो गया है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, जिसके तहत अब तक 18 स्कूलों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शालाओं की भूमि पर हुए अतिक्रमण को प्राथमिकता के साथ हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की जमीन सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में 3 मई 2026 को कलेक्टर ने विकासखंड रामपुर नैकिन क्षेत्र की अतिक्रमणयुक्त शालाओं का स्वयं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चुरहट, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित पटवारी भी मौजूद रहे। मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए और कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
प्रशासन द्वारा जिले की 48 शासकीय शालाओं का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 18 स्कूलों का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाया जा चुका है। वहीं जिले में कुल 159 अतिक्रमणयुक्त स्कूल चिन्हित किए गए हैं। शेष स्कूलों में सीमांकन, नोटिस जारी करने और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इसके साथ ही जीर्ण-शीर्ण घोषित शालाओं को हटाने (डिसमेंटल) के लिए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि स्कूल परिसरों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शासकीय शालाओं की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ