समग्र आईडी के प्रकरण में लापरवाही करने पर रोजगार सहायक के विरुद्ध विभागीय जांच जारी,दो माह के वेतन में रोक
सीधी
जिले की ग्राम पंचायत मोहनिया निवासी श्री बाबूलाल कोल के प्रकरण की जानकारी प्राप्त होते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृत्यु के आधार पर समग्र आईडी हटाए जाने के प्रकरण में लापरवाही बरती गई, जिस पर संबंधित रोजगार सहायक श्रीमती प्रतिष्ठा सिंह के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा उनका दो माह का वेतन रोका गया है।
इसके साथ ही प्रशासनिक जवाबदेही तय करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सीधी की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोके जाने के लिए आयुक्त रीवा संभाग, रीवा को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि हितग्राही के नाम से पूर्व से ही एक अन्य सक्रिय समग्र आईडी उपलब्ध थी, जिसके माध्यम से उन्हें पात्रतानुसार राशन योजना का लाभ नियमित रूप से मिल रहा था। हालांकि, ई-केवाईसी लंबित होने के कारण सितंबर 2025 से दिव्यांग पेंशन का लाभ अवरुद्ध था।
प्रकरण सामने आते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सक्रिय समग्र आईडी की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराई तथा दिव्यांग पेंशन पुनः प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक आवेदन प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराई गई। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हितग्राही को जून 2026 से पेंशन का लाभ पुनः प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना उसकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही सामने आने पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ