कुर्सी को लेकर खूनी संघर्ष: बरहौं कार्यक्रम में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
सीधी
सीधी जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत ग्राम मनकीसर में एक पारिवारिक कार्यक्रम उस समय हिंसा में बदल गया, जब कुर्सी पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में अमृतलाल कोल के यहां बरहौं संस्कार कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें खड़ौरा गांव से आए रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। इसी दौरान कुर्सी को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने मिलकर स्थानीय युवक राघवेंद्र कोल पर डंडों और हाथों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवक बेहोश हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
घायल राघवेंद्र कोल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंता का विषय है।

0 टिप्पणियाँ