मझौली में अज्ञात शव मिलने से सनसनी: बावली में तैरता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सीधी
सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत मझौली के वार्ड क्रमांक 14 स्थित अहिरान टोला में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान बावली में अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सायं लगभग 5 बजे स्थानीय लोगों ने शैलेन्द्र तिवारी के घर के पास स्थित बावली में एक शव को तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत मझौली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विशाल शर्मा अपनी टीम तथा डॉक्टर राकेश तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस जवानों की मदद से शव को बावली से बाहर निकाला गया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों द्वारा मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक ने नीले रंग का हाफ पैंट और क्रीम रंग की फुल शर्ट पहन रखी है।
पुलिस ने ग्रामीणों और हल्का पटवारी की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पहचान के लिए मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ