सीधी कलेक्टर के नेतृत्व में पटाखा भंडारण केंद्रों का सघन निरीक्षण, आवासीय क्षेत्र से भारी मात्रा में पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री जब्त

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सीधी कलेक्टर के नेतृत्व में पटाखा भंडारण केंद्रों का सघन निरीक्षण, आवासीय क्षेत्र से भारी मात्रा में पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री जब्त


सीधी कलेक्टर के नेतृत्व में पटाखा भंडारण केंद्रों का सघन निरीक्षण, आवासीय क्षेत्र से भारी मात्रा में पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री जब्त


सीधी 
   जिले में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री विकास मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर के पटाखा भंडारण केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने स्वयं शहरी क्षेत्र के पटाखा भंडारण केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जबकि अन्य क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।

  इसी क्रम में नायब तहसीलदार एकता शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं थाना सेमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम सेमरिया में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने उमेश कुमार गुप्ता, पिता मोतीलाल गुप्ता, निवासी ग्राम सेमरिया, तहसील गोपद बनास की पटाखा दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानदार द्वारा लाइसेंस प्रस्तुत किया गया, लेकिन जांच में यह सामने आया कि उनके पास भंडारण के लिए अधिकृत गोदाम ग्राम मनकीसर कोठार में स्वीकृत है, जबकि सेमरिया मुख्य बाजार स्थित दुकान एवं आवासीय परिसर में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखा एवं अन्य विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।

  प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए बताया कि रहवासी क्षेत्र में इतनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण जन-धन के लिए बड़ा खतरा बन सकता था। संयुक्त टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए पुलिस विभाग की मौजूदगी में विस्फोटक सामग्री की गणना कर उसे जप्त किया। इसके बाद सामग्री को सील पैक कर आवासीय क्षेत्र से सुरक्षित बाहर कराया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त मामले में विस्फोटक अधिनियम 1884 एवं विस्फोटक नियम 2008 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

  कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने सभी पटाखा विक्रेताओं एवं भंडारण संचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि लाइसेंस की शर्तों, निर्धारित भंडारण स्थलों और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन, अवैध भंडारण या सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ