MP में तबादला नीति 2026 को मंजूरी, 1 से होंगे कर्मचारियों के ट्रांसफर
भोपाल।
मध्य प्रदेश में तबादला नीति का इंतजार कर रहे लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार ने तबादला नीति 2026 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत एक जून से 15 जून के बीच कर्मचारियों के तबादले किए जाएंगे।
कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री चैतन्य कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने पिछली वर्ष की नीति को ही इस बार भी जारी रखने का निर्णय लिया है। हालांकि इस बार तबादलों की अवधि घटाकर 15 दिन कर दी गई है, जबकि पहले यह समय एक माह का हुआ करता था।
उन्होंने बताया कि 1 जून से 15 जून तक सभी विभागों में तबादले किए जाएंगे। यदि किसी बड़े विभाग को अलग से अपनी तबादला नीति बनानी है, तो वह सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री की अनुमति लेकर ऐसा कर सकता है।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि 31 मई तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि तबादला प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में राज्य के निगम-मंडलों में हाल ही में हुई नियुक्तियों और नए पदाधिकारियों के प्रशिक्षण पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया, क्योंकि वे स्वयं उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रह चुके हैं।
सरकार का मानना है कि समयबद्ध और पारदर्शी तबादला प्रक्रिया से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।

0 टिप्पणियाँ