CM मोहन यादव के विज़न से सीधी में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार,हर गांव तक पहुंचेगी स्वास्थ्य और पोषण की सुविधा
सीधी
प्रदेश में स्वास्थ्य और पोषण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अब गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा जिले में पंचायत स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के पास ही समग्र स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री के विज़न के अनुरूप यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, कुपोषण को खत्म करने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इसी कड़ी में शनिवार 04 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मझौली के बोदरीटोला, सिहावल के पोड़ी, रामपुर नैकिन के कुशमहर और सीधी के माटा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आसपास की 3 से 4 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को एक साथ लाभ मिलेगा।
इन शिविरों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, कुपोषित बच्चों और किशोरी बालिकाओं को केंद्र में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। साथ ही बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श की भी व्यवस्था रहेगी। ग्रामीणों को निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयां, बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा गंभीर मरीजों को आवश्यकता अनुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा।
इसके अलावा दिव्यांगजनों के अपूर्ण प्रमाण पत्रों के लिए उन्हें चिन्हांकित कर जिला मेडिकल बोर्ड भेजा जाएगा। शिविरों में बाल विवाह के दुष्प्रभाव, परिवार नियोजन और पोषण योजनाओं के बारे में भी व्यापक जागरूकता फैलाई जाएगी। छात्रावासों में रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के प्रयास भी इस अभियान का हिस्सा होंगे।
इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा आयुष विभाग पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप हर जरूरतमंद तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें

0 टिप्पणियाँ