Sidhi News: जंगल में क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी
सीधी
सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत कोस्टा कोठार के पहाड़ी जंगल में एक अज्ञात क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद चुरहट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने देखा कि शव काफी पुराना है और उसका अधिकांश हिस्सा कंकाल में तब्दील हो चुका है। केवल पैरों के हिस्से में कुछ त्वचा शेष पाई गई है, जिससे शव की पहचान कर पाना फिलहाल बेहद मुश्किल हो रहा है। प्रारंभिक तौर पर यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव महिला का है या पुरुष का।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रीवा से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शव की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दौरान एसडीओपी चुरहट और थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन विवेचना कर रही है।शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ