धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से साकार हुआ “अपना घर” का सपना, धौहनी विधायक के मुख्य आतिथ्य में हुआ गृह प्रवेश
सीधी/कुसमी
जिले के जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत टमसार निवासी लालबहादुर सिंह पिता श्री शिवप्रसाद सिंह का वर्षों पुराना पक्का घर बनाने का सपना आज साकार हो गया। यह संभव हुआ धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत स्वीकृत उनके नवनिर्मित आवास के माध्यम से।
आज विधायक कुंवर सिंह टेकाम के कर-कमलों द्वारा उनके नवीन आवास का गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह पल न केवल लालबहादुर सिंह के परिवार के लिए, बल्कि पूरे ग्राम के लिए हर्ष और गर्व का विषय बन गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य जमुनी देवी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, आवास प्रभारी ब्रह्मानंद पांडे, विकासखंड समन्वयक अर्जुन सिंह चौहान, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे और इस आनंदमय क्षण के साक्षी बने।
नवनिर्मित आवास प्राप्त करने पर लालबहादुर सिंह ने भावुक होकर बताया कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा। पहले कच्चे घर में वर्षा और गर्मी के मौसम में कई कठिनाइयाँ आती थीं, परंतु अब पक्का मकान उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा लेकर आया है।
यह सफलता प्रमाण है कि जब सरकारी योजनाएँ सही पात्रों तक पहुँचती हैं, तो किसी भी परिवार का जीवन बदल सकता है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय और प्रभावी कदम साबित हो रहा है।
लालबहादुर सिंह ने कहा कि यह सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि नए जीवन, नई उम्मीदों और उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
जनजातीय गौरव दिवस-धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंतीकृके अवसर पर पीएम जनमन अंतर्गत जिले के 1778 तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत जिले के 273 नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित हुआ।

0 टिप्पणियाँ