केंद्र एवं राज्य सरकार की पहल से क्षेत्र में खुसी की लहर, ब्यौहारी, मड़वास एवं बरगवा में नई ट्रेन की सौगात
सीधी
भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस रेल सेवा के शुभारंभ के उपलक्ष्य में ब्यौहारी, मड़वास एवं बरगवा रेलवे स्टेशनों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्र में नई रेल सेवा प्रारंभ होने पर हर्ष का वातावरण देखा गया तथा शासन की इस पहल का स्वागत किया गया।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 24 फरवरी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में भोपालदृधनबाद एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा भी उपस्थित रहे। सांसद द्वारा नई रेल सेवा से भोपाल से सिंगरौली तक यात्रा कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि उक्त रेल सेवा प्रारंभ होने से सिंगरौली एवं आसपास के क्षेत्रों को भोपाल के लिए नियमित एवं सुलभ रेल संपर्क उपलब्ध हुआ है। इससे विद्यार्थियों, श्रमिकों, व्यापारियों एवं आमजन को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता रही है, जिसके पूर्ण होने से सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की राजधानी से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से प्रशासनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार में सहूलियत होगी। यह सेवा क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्वागत कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नई रेल सेवा प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। सांसद द्वारा भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई एवं नागरिकों से जनसमस्याओं के संबंध में चर्चा कर आवश्यक पहल किए जाने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।

0 टिप्पणियाँ