सीधी कलेक्टर की सख्ती: बारिश में भींगा गेहूं, उपार्जन केंद्र प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश
सीधी। सीधी कलेक्टर की सख्ती: बारिश में भींगा गेहूं, उपार्जन केंद्र प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश
सीधी। जिले में प्रशासनिक सख्ती का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। कलेक्टर विकास मिश्रा लगातार फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में आंधी-बारिश के बीच उन्होंने खरीदी केंद्र माटा और चौफाल स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां चौफाल में भारी लापरवाही उजागर हुई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसानों से खरीदा गया गेहूं खुले में रखा हुआ था। अचानक हुई बारिश के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं भीग गया, जिससे किसानों की उपज को नुकसान पहुंचा है। यह स्थिति तब सामने आई, जब पहले ही गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे।
कलेक्टर ने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए उपार्जन केंद्र प्रभारी शैलेन्द्र सिंह चौहान को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई संबंधित जिम्मेदार अधिकारी से ही कराई जाएगी।
प्रशासनिक समीक्षा में यह भी सामने आया कि केंद्र पर न तो पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था थी और न ही सुरक्षित भंडारण के अन्य इंतजाम किए गए थे। निर्देशों की अनदेखी और लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी, जिसे कलेक्टर ने गंभीरता से लिया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले के सभी उपार्जन केंद्रों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि गेहूं के भंडारण के लिए तत्काल पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अब किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ