मड़वास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.55 किलो गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार
रवि शुक्ला,मझौली
अवैध नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत मड़वास पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जारी इस अभियान में रीवा ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी अतर सिंह कुशवाह के नेतृत्व में मड़वास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम अकोना तिराहा में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी रंगीलाल पिता छोटेलाल साकेत (41 वर्ष), निवासी बकवा, के कब्जे से बिक्री हेतु रखा गया करीब 1 किलो 55 ग्राम गांजा जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय सीधी में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सीधी भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में एएसआई राजकुमार सिंह, संजय सोनी, प्रधान आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह, आरक्षक राकेश पटेल तथा उप निरीक्षक रघुबीर सिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

0 टिप्पणियाँ