मझौली जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं ,स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को लगाई फटकार, जनपद के कर्मचारियों की भी दिखी लापरवाही
रवि शुक्ला,सीधी/मझौली
जिले में जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की पहल के तहत कलेक्टर विकास मिश्रा मंगलवार को जनपद पंचायत मझौली के प्रज्ञा भवन में आयोजित जनसुनवाई में स्वयं उपस्थित हुए। उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में कुल 235 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि अब प्रत्येक मंगलवार जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपखंड स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित होगी, जिसमें वे क्रमवार विभिन्न उपखंडों में शामिल होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का समाधान होगा और लोगों को जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत कम पड़ेगी।
सांदीपनि विद्यालय ताला का निरीक्षण
कलेक्टर विकास मिश्रा ने सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ताला का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पढ़ाई, सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दें और अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार करें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली का निरीक्षण
कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली का निरीक्षण करते हुए ओपीडी, वार्ड और स्टोर का जायजा लिया। मरीजों और परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का संवेदनशीलता के साथ उपचार किया जाए, दवाओं की उपलब्धता बनी रहे और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मॉडल स्कूल मझौली में सर्वांगीण विकास पर जोर
शासकीय मॉडल स्कूल मझौली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी रुचियों और लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा तक सीमित नहीं बल्कि सर्वांगीण विकास है।
शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दें।
नगर परिषद मझौली का निरीक्षण, स्वच्छता और जल व्यवस्था पर निर्देश
नगर परिषद मझौली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और हितग्राही योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान और पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य केंद्रों के CHO पर जताई नाराजगी, दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर ने सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों के सीएचओ (CHO) को समय पर उपस्थित न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा की कई ऐसे cho हैं जो केंद्र पर नहीं रहते हैं , अगर मुझे शिकायत मिली तो बर्खास्त की कार्यवाही करनी पड़ेगी उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आप सभी अपने केंद्रों पर समय पर उपस्थित रहेंगे ताकि क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य के लिए इधर उधर भटकना न पड़े,
प्रज्ञा भवन में ताला तोड़कर दिव्यांग को दिलाई व्हीलचेयर
जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग बालक के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था न होने पर कलेक्टर ने तत्काल निर्देश दिए। प्रज्ञा भवन में स्टोर रूम की चाबी नहीं मिलने पर जनपद अधिकारी कर्मचारियों के हाथ पांव फूलने लगे और वहीं लापरवाह कर्मचारी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे कुछ देर बाद कर्मचारियों द्वारा एक युवक को बुलाकर स्टोर का ताला तोड़ावाया गया तब जाकर राहत की सांस लिए, इसके बाद व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।
छात्रावास निरीक्षण, छात्रों के साथ किया भोजन
कलेक्टर शाम को जूनियर बालक आदिवासी छात्रावास मड़वास पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों से संवाद किया, सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे और कुछ छात्रों को बैग वितरित किए। छात्रावास अधीक्षक से और सुधार लाने के लिए भी निर्देश दिए इसके बाद छात्रों के साथ रात्रि में भोजन भी किए।
उपस्थित अधिकारियों में उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, सीईओ जनपद पंचायत सुरभि श्रीवास्तव, तहसीलदार दिलीप सिंह, वेदवती सिंह, आर ई एस विभाग से एसडीओ सरिता सिंह,आजीविका मिशन प्रबंधक चंद्रकांत सिंह बघेल,अरविंद तिवारी , मझौली कनिष्ठ अभियंता भरत शाह,मड़वास कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह राजपूत,रेंजर सतीश चंद्र मिश्रा, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी ज्योति विश्वकर्मा,मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा, मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह कुशवाह, बीआरसीसी अयोध्या पटेल,नगर परिषद अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ