कलेक्टर विकास मिश्रा ने मड़वास बालक छात्रावास का किया निरीक्षण, बच्चों संग संवाद कर साथ में किए भोजन
रवि शुक्ला,मझौली
जिला कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को जूनियर बालक छात्रावास मड़वास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयगत समझ, भोजन व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शाम की प्रार्थना में भी शामिल हुए और छात्रों से उनकी दिनचर्या, पढ़ाई के तरीकों व भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों से विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे और उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। हर छात्र अपनी क्षमता के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है, यदि वह मेहनत और नियमितता को अपनाए। उन्होंने छात्रावास के कमरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अधीक्षक को लाइब्रेरी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर ने बैग भी वितरित किए। खेलकूद की सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।छात्रावास अधीक्षक से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता अलग होती है, इसलिए शिक्षण कार्य को उनकी आवश्यकता के अनुरूप रुचिकर और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
इस दौरान कलेक्टर छात्रों के साथ रात्रि भोजन में भी शामिल हुए और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि छात्रावास की स्थिति अच्छी है, हालांकि कुछ सुधार करने के भी निर्देश दिए।

0 टिप्पणियाँ