16 वर्षीय नाबालिग से रेप के बाद हत्या, चेहरा कुचला, 5 आरोपी गिरफ्तार
असम के हैलाकांडी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ रेप करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने न केवल उसकी जान ली, बल्कि शव के साथ भी क्रूरता की हदें पार कर दीं।
यह वारदात कतलीचेरा थाना क्षेत्र के अलोइचेरा इलाके में 1 अगस्त की रात हुई। जानकारी के अनुसार, पीड़िता का परिवार पास में आयोजित एक दावत में गया हुआ था। किसी बात को लेकर विवाद के बाद लड़की पहले ही घर लौट आई थी। जब परिजन करीब एक घंटे बाद वापस पहुंचे तो उन्होंने बेटी को घर में मृत अवस्था में पाया।
परिजनों के मुताबिक, लड़की के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। घटना स्थल की हालत देखकर परिवार सदमे में आ गया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या से पहले रेप की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला कथित लव ट्रायंगल से जुड़ा सामने आ रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पीड़िता की मां ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ हुई बर्बरता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने वारदात के बाद शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
(स्रोत: प्रभात खबर)

0 टिप्पणियाँ