मेड़रा में चल रही वाल्मीकि राम कथा यज्ञ, 21 को समाप्ति एवं 22 को होगा भव्य भंडारा
मझौली
जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत मेड़रा के चंदी माता मंदिर परिसर में 13 फरवरी 2026 से वाल्मीकि राम कथा पुराण का शुभारंभ किया गया है जिसका समापन 21 फरवरी को एवं प्रसाद भंडारा का कार्यक्रम 22 फरवरी को निर्धारित है।
कथा के दूसरे दिन व्यास पीठ से कथावाचक सत्यांशु जी महाराज वृंदावन धाम ने भगवान शंकर एवं सती संवाद एवं श्री राम एवं सती संवाद का प्रसंग मार्मिक प्रसंग एवं उदाहरण के माध्यम से बताते हुए कहा कि पति के प्रति समर्पण एवं श्रद्धा, विश्वास ही नारी का परम धर्म होना चाहिए।किसी भी पतिव्रता नारी को अपने पति से झूठ और कपट नहीं रखना चाहिए अन्यथा सती जी की कथा प्रमाण है जिन्होंने अपने पति भगवान शंकर से झूठ बोलकर भगवान राम की परीक्षा लिया था जिसका परिणाम है कि उन्हें मायका से अपमानित होकर हवन कुंड में देह त्यागना पड़ा।कथा के तीसरे दिन 15 फरवरी को शिव पार्वती विवाह के प्रसंग का वर्णन सजीव झांकी के साथ किया जाएगा और यह सुखद संयोग होगा कि यह प्रसंग महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर होना है जिस कारण श्रद्धालुओं में काफी उत्साह और आस्था बनी हुई है।कथा संगीत के साथ हो रही है जिसमें अक्षय पांडेय गिटार में, कृष्णा कीबोर्ड में,जय वैशिष्ट तबला में अपने टीम के साथ योगदान दे रहे हैं। यज्ञ का आयोजन चंदी माता नव समिति मेड़रा के द्वारा किया गया है।

0 टिप्पणियाँ