सीधी जिले में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें,नागरिकों से संयम बरतने की अपील

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

सीधी जिले में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें,नागरिकों से संयम बरतने की अपील



सीधी जिले में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें,नागरिकों से संयम बरतने की अपील

सीधी

 जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि गैस सिलेंडर की घबराहट में बुकिंग (पैनिक बुकिंग) न करें तथा घरेलू गैस का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें। साथ ही गैस एजेंसियों को कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

   कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने गैस वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। वहीं होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की सलाह दी गई है।

   कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक बुकिंग करने से बचें। घरेलू सिलेंडरों का मितव्ययिता पूर्वक उपयोग करें ताकि वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न पड़े। उन्होंने राजस्व अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा गैस वितरकों को निर्देश दिए हैं कि कालाबाजारी या निर्धारित कीमत से अधिक बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को गैस गोदामों तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

   कलेक्टर द्वारा जिला आपूर्ति अधिकारी को यह भी निर्देशित किया गया है कि गैस वितरण से संबंधित सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा गैस वितरण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर प्रतिदिन गैस वितरण और उपलब्ध भंडार की जानकारी संधारित की जाए। वर्तमान में जिले में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

   घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी वितरण व्यवस्था में कुछ अतिरिक्त कदम उठाए गए हैं। इसके अनुसार शहरी क्षेत्रों में पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग स्वीकार की जा रही है। साथ ही एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि बुकिंग के बाद ही सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से प्राप्त करें तथा संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करें। जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग नहीं कराई है वे अनावश्यक रूप से एजेंसियों में भीड़ न लगाएं।

   शासन के निर्देशों के पालन में खाद्य विभाग के अधिकारियों, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों द्वारा 14 मार्च 2026 को लीना इंडेन गैस एजेंसी, प्रताप गैस एजेंसी एवं शिव शक्ति गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया, जिसमें सिलेंडरों का वितरण सुचारू रूप से किया जाना पाया गया। इसी क्रम में 15 मार्च 2026 को भी लीना इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया, जहां निर्धारित दर पर सिलेंडरों का वितरण किया जाना पाया गया तथा मौके से कालाबाजारी की कोई शिकायत नहीं मिली। निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ