सीधी: आभूषण दुकान में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, ₹13 लाख का मशरूका जप्त
सीधी
शहर के गांधी चौक स्थित एक ज्वेलरी शॉप में ग्राहकों के वेश में आई महिलाओं द्वारा की गई लाखों की चोरी के मामले को कोतवाली पुलिस ने चंद दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन सहित चोरी गए समस्त आभूषण बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
फरियादी मोहित सोनी निवासी वार्ड क्र. 10, जैसवाल कॉलोनी ने थाना कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 13/04/2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे उनकी दुकान पर 2-3 महिलाएं जेवर देखने आई थीं। जेवर दिखाने के दौरान महिलाओं ने नजर बचाकर सोने की चैन, मंगलसूत्र, लकेट व अन्य आभूषण चोरी कर लिए और ऑटो में बैठकर फरार हो गईं।
वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन व विशेष टीम का गठन:
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी कोतवाली ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
कोतवाली पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों पर काम करते हुए लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध वाहन और आरोपियों के भागने के मार्ग का सुराग मिला। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसकी सूचना पर तेंदुहा मोड के पास संदिग्ध वाहन घेराबंदी के दौरान मिला। पुलिस को आता देख आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
जप्त सामग्री (मशरूका):
पुलिस द्वारा वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसमें से चोरी गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।
बरामद सोने के आभूषण: अनुमानित कीमत ₹5,00,000/-
जप्त वाहन: अनुमानित कीमत ₹8,00,000/-
कुल जप्ती: लगभग ₹13,00,000/- (तेरह लाख रुपये)
विशेष योगदान:
इस चुनौतीपूर्ण मामले का अल्प समय में खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, सउनि सुनील पांडेय, प्र.आर.- आनंद शर्मा, रण बहादुर सिंह, आरक्षक शिवेंद्र मिश्रा एवं महिला आरक्षक प्रिया तिवारी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 टिप्पणियाँ