मड़वास थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन जारी, गोतरा-निधपुरी खदानों से रातभर हो रही निकासी, कार्रवाई पर उठे सवाल
सीधी
मड़वास थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार लगातार जारी है। गोतरा और निधपुरी रेत खदान से सीधी जिले के सीमावर्ती इलाकों में धड़ल्ले से रेत निकासी की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रातभर रेत माफिया सक्रिय रहते हैं और खुलेआम मशीनों के जरिए उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गोतरा रेत खदान में टू-टेन मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। वहीं, रेत निकासी को सिंगरौली जिले के नाम पर दिखाया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां मशीनें संचालित हो रही हैं, वह क्षेत्र सीधी जिले की सीमा में आता है। ऐसे में सीमा विवाद की आड़ में अवैध खनन का खेल जारी रहने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय लगातार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बड़े वाहनों से रेत परिवहन किया जाता है। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का यह भी कहना है कि कभी-कभार दिखावे के लिए कार्रवाई जरूर होती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर से रेत माफिया सक्रिय हो जाते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नजदीकी पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ वीडियो वायरल कर विरोध दर्ज कराया था, जिसकी खबरें मीडिया में भी प्रकाशित हुई थीं। बावजूद इसके अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अवैध रेत उत्खनन पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

0 टिप्पणियाँ