कंजवार निवासी विजयलक्ष्मी शुक्ला स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली जिंदगी, आज बनीं "लखपति दीदी"
सीधी
आर्थिक अभावों में जीवनयापन कर रही ग्राम कंजवार की निवासी विजयलक्ष्मी शुक्ला ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से सफलता की ऐसी मिसाल कायम की है, जो आज क्षेत्र की अनेक महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद विजयलक्ष्मी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया और गांव की 10 महिलाओं के साथ मिलकर अनमोल स्व-सहायता समूह का गठन किया। समूह का बैंक खाता यूनियन बैंक की टिकरी शाखा में खोला गया। नियमित बचत एवं बैठकों के बाद छह माह पश्चात समूह को सीसी लिमिट के माध्यम से 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई।
प्राप्त राशि से विजयलक्ष्मी शुक्ला ने सिलाई-कढ़ाई के साथ किराना एवं मनिहारी की दुकान शुरू की। उनके पति भी इस कार्य में सहभागी बने। व्यवसाय में निरंतर मेहनत और लगन के कारण आय बढ़ती गई और उन्होंने मात्र छह माह में बैंक से लिया गया 50 हजार रुपये का ऋण ब्याज सहित चुका दिया।
व्यवसाय की प्रगति को देखते हुए समूह के माध्यम से उन्हें 80 हजार रुपये की अतिरिक्त सीसी लिमिट प्राप्त हुई। इस राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय का और विस्तार किया। वर्तमान में उनकी दुकान में लगभग 3 लाख रुपये का सामान उपलब्ध है। सिलाई-कढ़ाई एवं दुकान के व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह औसतन 12 हजार से 15 हजार रुपये तक की आय प्राप्त हो रही है। अपनी निरंतर मेहनत और सफल उद्यमिता के बल पर आज वे श्लखपति दीदीश् के रूप में पहचान बना चुकी हैं।
विजयलक्ष्मी शुक्ला अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को देती हैं। उनका कहना है कि मिशन द्वारा महिलाओं को दिए जाने वाले प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया। उनके अनुसार महिलाएं केवल घर तक सीमित रहने के लिए नहीं हैं, बल्कि यदि उन्हें अवसर और सही दिशा मिले तो वे परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
आज विजयलक्ष्मी शुक्ला की सफलता की कहानी ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार कर रही है। उनकी उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि स्व-सहायता समूह केवल बचत का माध्यम नहीं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की मजबूत नींव है।

0 टिप्पणियाँ