Sidhi News: गरीब आवेदकों के लिए “सुगम” पहल- जनसुनवाई के बाद निःशुल्क घर वापसी की अनूठी व्यवस्था
सीधी
Sidhi news
कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में जिले के बस संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनसुनवाई में दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से आने वाले गरीब एवं जरूरतमंद आवेदकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष “सुगम” व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर ने बताया कि जिला मुख्यालय में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में जिले के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आवेदक अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुंचते हैं, जिनमें कई अति गरीब वर्ग के लोग भी शामिल होते हैं। ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “सुगम टोकन” जारी करने की पहल की जा रही है। इस टोकन के आधार पर जनसुनवाई के पश्चात पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क घर तक पहुंचाने की व्यवस्था बस संचालकों के सहयोग से सुनिश्चित की जाएगी।
Sidhi news
कलेक्टर की इस संवेदनशील पहल की सभी बस संचालकों ने सराहना करते हुए इसे सहर्ष स्वीकार किया तथा प्रशासन के साथ मिलकर जरूरतमंदों की सहायता करने का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने कहा कि इस सामाजिक पहल में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाले बस संचालकों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
Sidhi news
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बस संचालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार बस संचालन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जाए, वाहनों की नियमित फिटनेस एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन संचालन से बचा जाए तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन किया जाए। यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी चुरहट श्री शैलेश द्विवेदी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री आशुतोष सिंह भदौरिया सहित जिले के समस्त बस संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बस संचालकों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इस पहल को सफल बनाने की अपील की।

0 टिप्पणियाँ