Sidhi News:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस विशेष: सीधी जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन
साइकिल रैली व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
--------
सीधी
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवेश मिश्रा के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर ‘सखी’ द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रशासक श्रीमती सरोज खरे ने किया।
इस अवसर पर शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने रैली के दौरान जागरूकता के नारे लगाते हुए लोगों को महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता का संदेश दिया।
Sidhi news
रैली में “जाग रही है देश की नारी, होश में सबको रहना है” तथा “अबला-अबला बहुत सुन लिया, अब नहीं अबला सुनना है” जैसे नारों के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। समाज में महिलाओं की सहभागिता और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Sidhi news
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनें, अपने अधिकारों को पहचानें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वन स्टॉप सेंटर ‘सखी’ से सहायता लेने में संकोच न करें।
इस अवसर पर केस वर्कर अरुणिमा पाठक, पुष्पलता शर्मा, मंजुला मिश्रा, केयरटेकर इंदु तिवारी, सुरक्षा गार्ड अजय केवट सहित शौर्य दल की बालिकाएं उपस्थित रहीं।
मेहंदी प्रतियोगिता व महिला नीति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Sidhi news
कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में फिट इंडिया वूमन्स वीक की थीम के अंतर्गत जन शिक्षण संस्थान सीधी में मेहंदी प्रतियोगिता एवं महिला नीति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जन शिक्षण संस्थान की प्राचार्य श्रीमती रेखा सिंह द्वारा किया गया।
Sidhi news
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में कुल 9 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में शिवानी विश्वकर्मा ने प्रथम, संध्या सेन ने द्वितीय तथा श्रुति द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रवेश मिश्रा ने कहा कि फिट इंडिया वूमन्स वीक के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप यह कार्यक्रम 10 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे।
Sidhi news
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर अरुणिमा पाठक ने महिला सशक्तिकरण विषय पर महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। वहीं केस वर्कर पुष्पलता शर्मा ने साइबर सेल से संबंधित जानकारी देते हुए ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। केस वर्कर मंजुला मिश्रा ने वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं एवं सहायता सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
Sidhi news
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रशासक श्रीमती सरोज खरे ने कहा कि नारी शक्ति किसी से कम नहीं है। जिस प्रकार मां लक्ष्मी के पास धन और मां सरस्वती के पास विद्या है, उसी प्रकार महिलाएं भी प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में रेखा सिंह, सुष्मिता द्विवेदी, शीतल जी सहित जन शिक्षण संस्थान के सभी स्टाफ, कार्यकर्ताएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।
स्व सहायता समूहों द्वारा कार्यक्रम आयोजित
Sidhi news
मुख्य कार्यपालन अधिकारी आजीविका मिशन भोपाल श्रीमती हर्षिका सिंह के निर्देशन तथा कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी एवं जिला परियोजना प्रबंधक के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को महिलाओं के अधिकार, समानता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से मनाया जाता है। यह दिवस समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने, लैंगिक असमानताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समान अवसरों के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करता है।
Sidhi news
इसी क्रम में 8 मार्च 2026 को विकासखंड सीधी के लोक अधिकार नोडल संकुल उलाला अंतर्गत संकुल स्तरीय संगठन टिकटकला के देवछा ग्राम संगठन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्व सहायता समूह की महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समूह सदस्यों में आपसी सहयोग, नेतृत्व एवं टीम वर्क को प्रोत्साहित करने तथा निर्णय क्षमता को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
Sidhi news
कार्यक्रम के दौरान स्व सहायता समूह की सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-संगीत तथा रंग पंचमी के उपलक्ष्य में होली गीतों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही संकुल स्तरीय संगठन द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों का वाचन किया गया तथा जेंडर समानता को बढ़ावा देने के लिए जेंडर शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में आजीविका मिशन जिला इकाई से युवा सलाहकार श्री हरि राम त्रिपाठी, सहायक विकासखंड प्रबंधक एवं ब्लॉक जेंडर नोडल श्री मनोज मिश्रा, आईएफसी एंकर श्री विजय जायसवाल, संकुल संगठन अध्यक्ष श्रीमती पूनम जायसवाल, समता समन्वयक श्रीमती प्रीति जायसवाल, समता सखी श्रीमती कलावती जायसवाल, आईएफसी सीआरपी तथा पोषण सखी सहित स्व सहायता समूह की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
400 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन
--------
Sidhi news
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को जिले की सभी 400 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर महिला दिवस समारोह मनाया गया।
ग्राम सभाओं का आयोजन भारत सरकार के निर्णय पोर्टल पर ग्राम सभा शेड्यूल कर ऑनलाइन अद्यतन करते हुए किया गया। इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी मुख्य एवं अतिरिक्त एजेंडों को ग्राम सभा में शामिल कर चर्चा की गई।
Sidhi news
ग्राम पंचायतों द्वारा शासन की निर्धारित 9 थीमों में से एक थीम का चयन कर संकल्प भी लिया गया। साथ ही वीबी जी राम जी के 125 दिवस के कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिससे ग्रामीणों को अपने ही ग्राम में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
ग्राम सभाओं में महिला सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा करते हुए महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों एवं पोषण के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। वहीं जिले की एकमात्र चयनित आदर्श बालिका एवं महिला हितैषी ग्राम पंचायत सारोकला, जनपद पंचायत सीधी में महिला हितैषी सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं एवं महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में महिलाओं का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है और आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में बड़े-बड़े पदों पर कार्य करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, पोषण एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धनंजय मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आरजीएसए) श्री अजय कुमार गुप्ता, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, विकासखंड समन्वयकों, जनपद अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों के समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

0 टिप्पणियाँ