सीधी में सनसनीखेज वारदात: घर में अकेली युवती से मारपीट, सामूहिक दुष्कर्म व लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
सीधी।
जिले के जमोडी थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ कथित रूप से मारपीट, सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को युवती अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान पुताई का कार्य करने वाला एक युवक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने घर में रखी नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता अपनी मां के साथ जमोडी थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मारपीट, दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़िता से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना और अधिकारियों को निष्पक्ष जांच व आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए.फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

0 टिप्पणियाँ