सीधी: सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले 06 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना कमर्जी पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर थाना प्रभारी एवं पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने वाले 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 15 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पटपरा मझारी टोला में कुछ व्यक्तियों द्वारा चुरहट-पटपरा मुख्य मार्ग को मिट्टी, पत्थर, लकड़ी एवं कांटेदार झाड़ियों से अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर थाना प्रभारी कमर्जी उनि. इन्द्राज सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों को शांतिपूर्वक समझाइश देते हुए मार्ग खोलने एवं अपनी समस्या प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने की सलाह दी गई। किंतु आरोपियों ने पुलिस की समझाइश को अनसुना करते हुए आक्रोशित होकर अभद्रता प्रारंभ कर दी तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
स्थिति कुछ ही देर में उग्र हो गई और आरोपियों ने एक राय होकर पुलिस दल पर टांगी, फावड़ा, डंडों एवं अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी उनि. इन्द्राज सिंह के सिर, गर्दन एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, वहीं आरक्षक शिवम पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मौके पर मौजूद पुलिस बल एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार हेतु जिला चिकित्सालय सीधी भेजा गया। घटना के संबंध में थाना कमर्जी में आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, बलवा, हत्या के प्रयास एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गिरफ्तार आरोपी
(1) दिनेश पटेल पिता रामेश्वर पटेल, उम्र 45 वर्ष
(2) विनय पटेल उर्फ पंडित पटेल पिता दिनेश पटेल, उम्र 20 वर्ष
(3) प्रीतम पटेल पिता दिनेश पटेल, उम्र 22 वर्ष
(4) संध्या पटेल पति दिनेश पटेल, उम्र 45 वर्ष
(5) श्यामा पटेल पति अमरेन्द्र पटेल, उम्र 33 वर्ष
(6) सरोज पटेल पति राजेश पटेल, उम्र 40 वर्ष
सभी निवासी मझारी टोला पटपरा, थाना कमर्जी, जिला सीधी (म.प्र.)।
फरार आरोपी
सुनील पटेल, निवासी मझारी टोला पटपरा, थाना कमर्जी, जिला सीधी।जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है।
न्यायालयीन कार्यवाही
गिरफ्तार सभी आरोपियों को वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से अग्रिम न्यायिक कार्यवाही की गई।कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

0 टिप्पणियाँ