1 मई से सीधी में जनगणना का पहला चरण शुरू, घर-घर होगा मकानों का सूचीकरण
सीधी।
जिले में आगामी जनगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रथम चरण के तहत 1 मई से 30 मई तक मकानों के सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।
जिले में जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 2244 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके लिए 2006 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जबकि 207 प्रगणकों को रिजर्व में रखा गया है। साथ ही 334 सुपरवाइजर और 44 रिजर्व सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं।
जनगणना को लेकर सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें।
स्काउट-गाइड निभाएंगे अहम भूमिका
जनगणना अभियान में स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राएं वालेंटियर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्काउट छात्रों से मुलाकात कर उन्हें सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कहा कि छात्र इस प्रक्रिया को नजदीक से समझें और अपने क्षेत्र में प्रगणकों और नागरिकों के बीच सेतु का कार्य करें। विशेष रूप से उन घरों में, जहां महिलाएं, बुजुर्ग या कम शिक्षित लोग रहते हैं, वहां वे सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करें।
बैठक में अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय एवं नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने जनगणना को विकास की आधारभूत प्रक्रिया बताते हुए सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ