सीधी: लापरवाही पर प्रभारी के ऊपर गिरी निलंबन गाज, बेहतर कार्य पर ऑपरेटर को इनाम
सीधी। जिले के चौफाल स्थित गेहूं खरीदी केंद्र के औचक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उपार्जित गेहूं खुले में रखा गया था, जिससे बारिश और नमी के कारण बड़ी मात्रा में अनाज भीग गया और किसानों की उपज को नुकसान पहुंचा।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गई थीं, जबकि पूर्व में स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे। इसके बावजूद सुधार न होने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए उपार्जन केंद्र प्रभारी शैलेन्द्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को हुए नुकसान की भरपाई संबंधित प्रभारी से कराने की बात भी कही गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासक, बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति चौफाल द्वारा आदेश जारी कर प्रभारी समिति प्रबंधक एवं उपार्जन केंद्र प्रभारी शैलेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उत्कृष्ट कार्य पर मिला सम्मान
वहीं माटा उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। बेहतर कार्य निष्पादन के लिए ऑपरेटर प्रवीण सिंह सेंगर को “स्टार ऑफ द मंथ” सम्मान देने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं।
सभी केंद्रों को सख्त निर्देश
कलेक्टर ने जिले के सभी उपार्जन केंद्रों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही खरीदी हो, तौल, ग्रेडिंग और भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
साथ ही खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित और वैज्ञानिक भंडारण के लिए तिरपाल, शेड और नमी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, टोकन सिस्टम तथा समयबद्ध उठाव और परिवहन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि खरीदी के बाद अनाज केंद्रों पर अनावश्यक रूप से न रुके।

0 टिप्पणियाँ