मझौली में सड़क हादसा: बाइक सवार की कट से पलटा ऑटो, 8 घायल, दो गंभीर रेफर
सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एक बाइक सवार द्वारा अचानक कट मारने से सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा जनपद कार्यालय के सामने हुआ, जहां ऑटो पूरी तरह पलटकर चारों खाने चित्त हो गया और उसके पहिए ऊपर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो में करीब एक दर्जन लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और इलाज के लिए मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना में कुल 10 लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से 8 घायलों का इलाज मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। वहीं, समदा (थाना बहरी) निवासी दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सीधी रेफर किया गया है।
घायलों में 3 लोग कुसमहर, 5 मझौली और 2 समदा (थाना बहरी) के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

0 टिप्पणियाँ