सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा का खरीदी केंद्रों पर औचक निरीक्षण,लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी
सीधी
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित उपनी (हड़बड़ो) तथा जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित पटेहरा (शैरपुर) के खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पीने के स्वच्छ पानी, छायादार बैठक व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित माप-तौल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा खरीदी केंद्र की पहचान हेतु सूचना पट्ट एवं पोस्टर स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने खरीदी कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने, सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ