सीधी: पहले माथा टेका, फिर भगवान के गहने ले उड़ा चोर, CCTV में कैद पूरी वारदात,आरोपी की तलाश जारी
सीधी। शहर के कन्या महाविद्यालय के सामने स्थित भगवान हनुमान और भगवान शनि देव के मंदिर में चार दिन में दो मर्तबा हुई चोरी की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। यह घटना सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि आस्था के साथ एक अजीब विरोधाभास भी पेश करती है, क्योंकि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रथम चोरी में 9 अप्रैल की रात करीब 1 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वह पहले मंदिर के बाहर अपने जूते उतारता है, फिर गेट को छूकर प्रणाम करता है। इसके बाद वह अंदर प्रवेश करता है और भगवान हनुमान की मूर्ति के पास पहुंचकर श्रद्धा से सिर झुकाता है। वहीं इसके बाद वह हनुमान जी के मुकुट को निकालने की कोशिश करता है, लेकिन जब सफल नहीं होता तो उनके गालों को छूकर मानो आशीर्वाद लेता है और उन्हें चूमता है। फिर वह पीछे स्थित भगवान शनि देव के मंदिर की ओर जाता है, वहां भी प्रणाम करता है और मौके का फायदा उठाकर शनि देव का चांदी का मुकुट चोरी कर अपने पास रख लेता है।
हनुमान मंदिर में चांदी का मुकुट चोर ने किया पार
दूसरी मर्तबा 12 अप्रैल की रात लगभग उसी समय वह चोर फिर से मंदिर पहुंचता है। इस बार वह सीधे हनुमान जी के पास जाता है, उन्हें प्रणाम करता है और उनका चांदी का मुकुट व हाथों के कड़े चुरा लेता है। वारदात के बाद वह फिर से भगवान के चरण स्पर्श करता है, बाहर जाकर अपने जूते पहनता है और आराम से निकल जाता है। आज सोमवार सुबह जब पुजारी अमित मिश्रा मंदिर पहुंचे तो दोनों घटनाओं का खुलासा हुआ। पहले शनि देव और फिर हनुमान जी के आभूषण चोरी होने से मंदिर में हडक़ंप मच गया। पुजारी ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज देखा और पुलिस को सूचना दी। चोरी गए हनुमान जी के मूर्ति में लगे चांदी के मुकुट की कीमत 20 हजार रुपए तथा शनि जी महराज की मूर्ति से चोरी गए चांदी के मुकुट की कीमत 10 हजार आंकी गई है। चांदी के दोनो मुकुट की कीमत 30 हजार रुपए आंकी गई। कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय निवासी बृजभूषण मिश्रा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक ही मंदिर में चार दिन के भीतर दो बार चोरी होना काफी गंभीर मामला है।

0 टिप्पणियाँ