मड़वास: गर्भवती महिला के पेट में मारी लात,युवती हुई बेहोश, जेई व थाना प्रभारी ने अस्पताल में कराया भर्ती
सीधी
मड़वास बाजार के बैरिहा तिराहा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आपसी विवाद के बीच कुछ युवकों ने आपस में विवाद शुरू कर दिए जहां वही पर एक गर्भवती महिला भी उसके साथ थी उसके साथ भी मारपीट की गई, एक आरोपी युवक ने महिला के पेट में लात मार दी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
घटना स्थल से करीब 50 मीटर दूर मौजूद मड़वास के कनिष्ठ अभियंता (जे ई) राजेंद्र सिंह राजपूत की नजर पीड़िता पर पड़ी। उन्होंने तुरंत बीच-बचाव करते हुए मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह कुशवाह को सूचना दी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़वास पहुंचाकर उपचार कराया, जिसके बाद उसे होश आया। मामले में पीड़िता के पति लालजी साकेत (उम्र 23 वर्ष), निवासी पोडी थाना मझौली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी कल्पना साकेत (उम्र 19 वर्ष), जो करीब 5 माह की गर्भवती है, उसके साथ ससुराल मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम सोधिया आए थे। दोपहर में मार्कशीट व आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने मड़वास बाजार गए थे, लेकिन पैसे न होने पर वापस ससुराल लौटे, जहां आरोपियों से विवाद हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, पहले ससुराल के पास आरोपियों संदीप साकेत, अंकुश साकेत, दीपक साकेत और पुष्पेंद्र साकेत ने मारपीट की। इसके बाद जब दंपति मड़वास बाजार पहुंचे, तो बैरिहा तिराहा के पास फिर से विवाद हुआ और आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। इसी दौरान पुष्पेंद्र साकेत ने गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी, जिससे वह गिर पड़ी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ