Sidhi News: डांगा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन,मंच छोड़ जनता के बीच पहुंचे कलेक्टर
विधायक ने नहीं कराया सम्मान, कहा कि आज सिर्फ होगा प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान
रवि शुक्ला,सीधी
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल डांगा में “स्कूल चले हम” अभियान के तहत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम द्वारा भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान विषयों के लिए लगभग 60 लाख रुपये लागत से बनने वाले प्रयोगशाला भवन का भूमि पूजन किया गया.
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री टेकाम ने अपना सम्मान नहीं कराया, और कहा कि आज सिर्फ प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान होगा, जिससे अन्य छात्र-छात्राएं भी उत्कृष्टता के लिए प्रेरित हों. विधायक ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सही दिशा और सोच विकसित करने का आधार है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर की प्रतिभा को पहचानें और निरंतर मेहनत के साथ उसे निखारें.
उन्होंने कहा कि आज के समय में वही छात्र आगे बढ़ता है, जो अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहता है और हर दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करता है. प्रतिभा हर बच्चे में होती है, जरूरत है उसे सही मार्गदर्शन और अवसर देने की. विधायक ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल स्कूल भेजने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी पढ़ाई, व्यवहार और भविष्य को लेकर नियमित रूप से मार्गदर्शन दें. उन्होंने कहा कि परिवार और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और विद्यालयों में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचल के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.
हितलाभ वितरण एवं अन्य गतिविधियां
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया. स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन तथा उद्योग विभाग की योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया.
इस दौरान जलगंगा संवर्धन से संबंधित गतिविधियों पर भी जोर दिया गया, जिससे जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके. साथ ही उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई.
मंच छोड़ जनता के बीच पहुंचे कलेक्टर
जिले में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंच पर औपचारिकता निभाने के बजाय सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं. कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के स्वागत और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की जा रही थी, लेकिन कलेक्टर के इस अलग अंदाज ने पूरे आयोजन को जनसंवाद में बदल दिया.
Sidhi collector vikas mishra
बताया गया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक शामिल हुए थे.जैसे ही कलेक्टर को ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी मिली, वे मंच छोड़कर जनता के बीच पहुंचे और लोगों से आमने-सामने बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और शासकीय योजनाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने रखीं.
Sidhi collector vikas mishra
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कई समस्याओं के त्वरित निराकरण के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Sidhi collector vikas mishra
कार्यक्रम में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही, अभिभावकों को भी बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया गया.
कलेक्टर के इस जनहितकारी कदम की ग्रामीणों ने सराहना की और कहा कि पहली बार किसी अधिकारी ने उनकी समस्याएं इतने करीब से सुनी हैं। यह आयोजन न सिर्फ प्रवेश उत्सव तक सीमित रहा, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत माध्यम भी बना.
Sidhi collector vikas mishra
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कृष्णलाल पयासी, मंडल अध्यक्ष प्रवीण तिवारी, सरपंच अखिलेश जायसवाल,अनुविभागीय अधिकारी मझौली आरपी त्रिपाठी, जनपद सीईओ धनंजय मिश्रा, आर ई एस एसडीओ सरिता सिंह, बीएमओ डॉक्टर संदीप शुक्ला,ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बीडी कोल, बीआरसीसी अयोध्या पटेल, मड़वास कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह राजपूत,मझौली कनिष्ठ अभियंता भरत शाह, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे मंच का संचालन पथरौला विद्यालय के शिक्षक अमित मिश्रा द्वारा किया गया

0 टिप्पणियाँ