Sidhi News:अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाईः मझौली में हाईवा जब्त, सघन जांच अभियान जारी
सीधी
जिला प्रशासन के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी श्री कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज एवं पुलिस के संयुक्त दल द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया।
दिनांक 18 अप्रैल 2026 की सायं 6 बजे से 19 अप्रैल 2026 की प्रातः 7 बजे तक तहसील गोपदबनास, मझौली, बहरी एवं सिहावल अंतर्गत विभिन्न नदी घाटों एवं स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान ग्राम चमराडोल, तहसील मझौली में खनिज फायरक्ले का अनाधिकृत परिवहन करते हुए एक हाईवा वाहन (क्रमांक MP53ZH0858) को पकड़कर नियमानुसार जब्त किया गया।
जब्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना प्रभारी मझौली की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई हेतु कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा ऐसे मामलों में कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे अवैध खनन पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।

0 टिप्पणियाँ