लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई: सहायक वर्ग-3 निलंबित, मझौली परियोजना अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच जारी

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई: सहायक वर्ग-3 निलंबित, मझौली परियोजना अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच जारी



दो लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई: सहायक वर्ग-3 निलंबित, मझौली परियोजना अधिकारी के विरुद्ध  विभागीय जांच जारी


सीधी
 कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत अभिलेखों के संधारण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो अधिकारियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के तहत बाल विकास परियोजना मझौली कार्यालय में पदस्थ अभिलेख/स्थापना प्रभारी राजभान सिंह, सहायक वर्ग-3 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं श्रीमती ज्योति विश्वकर्मा, पर्यवेक्षक एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थापित की गई है।

  जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित प्रकरण क्रमांक डब्ल्यूपी-17718/2011 (श्रीमती शोभारानी द्विवेदी विरुद्ध मध्यप्रदेश शासन) में पारित निर्णय दिनांक 05 मार्च 2026 के पालन में संबंधित प्रकरण की सुनवाई हेतु न्यायालय कलेक्टर जिला सीधी में 08 मई 2026 को पेशी निर्धारित थी। सुनवाई के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र कमचड़ क्रमांक-02 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद से संबंधित मूल नस्ती का परीक्षण किया गया।

  परीक्षण के दौरान नस्ती के कई पृष्ठों में दीमक लगी हुई पाई गई तथा कई पृष्ठ क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों का संधारण भी अव्यवस्थित पाया गया। मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

  जारी आदेश के अनुसार म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत राजभान सिंह को निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय परियोजना अधिकारी बाल विकास परियोजना सीधी क्रमांक-02 निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

  वहीं अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्यालयीन कार्यों में पर्यवेक्षण संबंधी लापरवाही पाए जाने पर श्रीमती ज्योति विश्वकर्मा, पर्यवेक्षक एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना मझौली के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ