MP Crime News: 8 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी को किया गिरफ्तार
नरसिंहपुर। खबर मध्य प्रदेश में नरसिंहपुर जिले का है जहां गोटेगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को बालिका स्कूल से यह कहकर निकली थी कि उसके पिता ने बुलाया है, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने तलाश के बाद चौकी झोतेश्वर, थाना गोटेगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने खुद कमान संभाली और विशेष टीमों का गठन किया।
करीब 50 पुलिसकर्मियों, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से गांव, खेत और जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। देर रात गांव से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर झाड़ियों में बालिका का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और चीखने-चिल्लाने पर आरोपी ने पत्थर से उसके चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल यादव की पहचान की। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उस समय गिरफ्तार किया जब वह मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस को उसके कपड़ों पर खून के धब्बे और अन्य संदिग्ध साक्ष्य भी मिले।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद खुद को बचाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर बालिका की तलाश करने का दिखावा भी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 65(2), 03(1), 5(M) तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नरसिंहपुर पुलिस ने इस जघन्य अपराध की जांच एसआईटी की निगरानी में शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालान फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश कर आरोपी को कठोर से कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

0 टिप्पणियाँ