टिकरी में “आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम में सुरक्षा का संदेश,जन चौपाल में दी सुरक्षा और जागरूकता की सीख
रवि शुक्ला,सीधी
मड़वास थाना क्षेत्र के टिकरी हायर सेकंडरी स्कूल में “आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही जनगणना के दौरान भी सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने यातायात नियमों का पालन करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। शराब पीकर वाहन न चलाने की भी हिदायत दी गई ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी चर्चा की गई। गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया, वहीं महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों से अपील की हैं अगर पंचायत स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने से अपराधों में कमी लाई जा सकती है।
इसके अलावा राहवीर योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को गोल्डन आवर के दौरान अस्पताल पहुंचाता है और उसकी जान बच जाती है, तो उसे प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज का खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर एसडीओपी संतोष तिवारी, मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह, टिकरी चौकी प्रभारी प्रमोद तिवारी, कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह राजपूत , मंडल अध्यक्ष के के मिश्रा ,करुणा सिंधु परौहा, लाला भईया शुक्ला, सरपंच तिलकराज सिंह, विनय मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, अभिमन्यु मिश्रा, हरीश द्विवेदी, लालदेव सिंह, प्राचार्य बसंती सिंह, अजीत सिंह, शिक्षक प्रभाकर तिवारी,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ