सीधी : लाल कपड़े की पोटली में मिला मासूम का नरकंकाल, तंत्र-मंत्र की आशंका से सहमे ग्रामीण; पुलिस जांच में जुटी
सीधी
सीधी जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में शनिवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप बांस के पेड़ पर लाल कपड़े की पोटली में बंद एक छोटे बच्चे का नरकंकाल मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इस रहस्यमयी घटना ने गांव के शांत वातावरण को भय और आशंका में बदल दिया, ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, वहीं कई लोगों ने इसे तंत्र-मंत्र और जादू-टोने से जोड़कर देखा।
जानकारी के अनुसार शनिवार लगभग 11 बजे ग्रामीणों की नजर गांव के बाहर स्थित बांस के पेड़ पर टंगी एक लाल रंग की पोटली पर पड़ी। पोटली संदिग्ध प्रतीत होने पर जब आसपास के लोगों ने उसे देखा तो उसमें छोटे बच्चे का नरकंकाल दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तत्काल भुईमाड़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान खम्हरिया निवासी रायभान सिंह ने पुलिस को बताया कि उक्त पोटली किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके घर में बिना जानकारी के रख दी गई थी। परिवार को जब इसकी जानकारी हुई तो भय और आशंका के चलते उन्होंने उस पोटली को घर से निकालकर बांस के पेड़ पर रख दिया।
ग्रामीणों के अनुसार यह नरकंकाल संभवतः उसी मासूम बच्चे का हो सकता है जिसकी कुछ समय पूर्व गांव में मृत्यु हो गई थी और परिजनों द्वारा शव को गांव में ही दफना दिया गया था। ग्रामीणों व पुलिस ने जब उस स्थान पर जाकर देखा जहां बच्चे को दफनाया गया था, तो वहां खुदाई के निशान और गड्ढा मिला। इससे लोगों की आशंका और गहरी हो गई कि किसी ने शव को कब्र से निकालकर तंत्र-मंत्र या जादू-टोने जैसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया हो सकता है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल देखा गया। महिलाएं और बच्चे खासे सहमे हुए नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की घटना ने गांव की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को झकझोर कर रख दिया है। लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल करने के बाद नरकंकाल को पुनः उसी स्थान पर दफना दिया तथा पूरे मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ