मझौली नगर परिषद में 2 करोड़ का तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य चढ़ रहा भ्रष्टाचार की भेंट, गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
रवि शुक्ला,सीधी
सीधी जिले के मझौली नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों की लागत से हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खासतौर पर मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा महादेवन तालाब सौंदर्यीकरण कार्य पर घटिया निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं,
नगर परिषद में निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। ऐसा लगता है कि न तो जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से काम कराए जाने और सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
मामले को लेकर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ने भी खुलकर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे अधिकांश निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता विहीन के साथ किए जा रहे है और घटिया निर्माण कार्य अध्यक्ष, ठेकेदार और सीएमओ की सांठ गांठ से हो रहा है ताकि राशि का बंदरबांट किया जा सके।
महादेवन तालाब निर्माण में तकनीकी अनियमितता भी की जा रही है जहां पिलर के ऊपर बीम डाला जाना चाहिए था, वहां पिलर को अलग कर दिया गया। इतना ही नहीं, पिलर में लगे लोहे के सरियों को मोड़कर मिट्टी से ढकने की कोशिश की गई, जिसे मीडिया की नजर से नहीं बचा जा सका वहीं, तैयार किए गए बीम में भी दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महादेवन तालाब क्षेत्र के विकास और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन वर्तमान स्थिति से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने घटिया सामग्री के उपयोग और निगरानी की कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस पूरे मामले पर मझौली नगर परिषद के सीएमओ प्रभात बरकड़े ने कहा कि शिकायतों को वरिष्ठ कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य गाइडलाइन के अनुसार होना चाहिए, यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नोटिस और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
मामला जो कुछ भी यह जांच का विषय है,अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाता है और क्या इस निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाती है या नहीं।

0 टिप्पणियाँ