सीधी: मुर्गा-दारू के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, 20 आरोपियों पर मामला दर्ज
सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरा गांव में मुर्गा-दारू के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे चलने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में अर्चना कोल द्वारा मुर्गा-दारू बेचने का कार्य किया जाता था, जिससे आसपास के लोगों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर नितिन पटेल और उनके परिवार द्वारा विरोध जताया गया। विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना का पूरा वीडियो वहीं पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है,
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक महिला ने पत्थर उठाया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। आदिवासी परिवार की संख्या अधिक होने के कारण पटेल परिवार के सदस्यों—पिता, पुत्र और महिला—के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों से 10-10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

0 टिप्पणियाँ