टिकरी में शिव महापुराण कथा का 6वां दिन,शतरुद्र खंड में भगवान शिव की महिमा का हुआ वर्णन
मझौली।
मझौली क्षेत्र अंतर्गत टिकरी स्थित कुंवर अर्जुन सिंह स्मृति परिणय वाटिका में चल रहे 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा के छठे दिन धार्मिक माहौल और भी भक्तिमय हो गया। इस भव्य आयोजन के मुख्य आयोजक आनंद सिंह पत्नी प्रभा सिंह (शेर गांव),अरुण सिंह पत्नी खुशबू सिंह,अरविंद सिंह पत्नी अंतिम सिंह हैं, जबकि कथा के मुख्य यजमान जनपद अध्यक्ष सुनैना सिंह (पति संजीव सिंह) हैं।
यह शिव महापुराण कथा स्वामी अखिलेश्वराचार्य के सानिध्य में संपन्न हो रही है। अयोध्या धाम से पधारे चंद्रांशु महाराज अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान करा रहे हैं। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक किया जा रहा है, जो 16 जून तक चलेगा। क्षेत्र के श्रद्धालु लगातार पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं और आयोजन को सफल बना रहे हैं। छठे दिन की कथा में शतरुद्र खंड के अंतर्गत भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन किया गया। चंद्रांशु महाराज ने बताया कि भगवान शिव केवल संहारकर्ता ही नहीं, बल्कि सृष्टि के पालनकर्ता, रक्षक और कल्याणकारी देव भी हैं।
उन्होंने कहा कि शतरुद्र खंड में भगवान शिव के अनगिनत रूपों का वर्णन मिलता है। शिव को पर्वत, नदियों, वनस्पतियों, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जगत में विद्यमान बताया गया है। शिव प्रत्येक कण में व्याप्त हैं और संपूर्ण सृष्टि उनकी शक्ति से संचालित होती है। इस खंड का पाठ और श्रवण अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इसमें भगवान शिव को नीलकंठ, पशुपतिनाथ, महाकाल, रुद्र, शंभु, भोलेनाथ और विश्वनाथ जैसे विभिन्न नामों से स्मरण किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता दिलीप मिश्रा, पूर्व विधायक तिलक राज सिंह, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह कुशराम, एसडीओ मझौली स्तुति गौतम सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ