सीधी रेलवे परियोजना का सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया निरीक्षण, वर्षा पूर्व सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
सीधी
सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज सीधी रेलवे स्टेशन से कुचवाही तक निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक का संबंधित रेलवे अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा, गुणवत्ता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने ट्रैक के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था, संवेदनशील एवं कमजोर स्थलों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही तथा महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि सीधी रेल परियोजना जिले की वर्षों पुरानी आकांक्षा से जुड़ी हुई है और इसकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने पर जोर दिया।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेलवे अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की तथा कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी जी, प्रमोद द्विवेदी जी, डॉ. विक्रम सिंह जी, डॉ. मनोज सिंह जी, चंदन मिश्रा जी सहित रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ