मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने किया खुलासा : पत्थर से कुचलकर प्रेमिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने किया खुलासा : पत्थर से कुचलकर प्रेमिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार



मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने किया खुलासा : पत्थर से कुचलकर प्रेमिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार



सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह मामला प्रेम संबंध में शादी को लेकर हुए विवाद के बाद युवती की हत्या से जुड़ा निकला। पुलिस ने इस मामले में चिलरी कला निवासी 20 वर्षीय पवन कुमार कारपेंटर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान मवई गांव की रहने वाली 19 वर्षीय प्रियंका साकेत के रूप में हुई है, जो बी.ए. फाइनल ईयर की छात्रा थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले आठ महीनों से युवती आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी परिवार की असहमति का हवाला देकर टाल रहा था।

27 बार कॉल कर जंगल बुलाया, फिर हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी ने युवती को 27 बार फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद दोनों चुरहट पहुंचे और कोष्टा पवई जंगल चले गए। यहां शादी को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक घंटे तक युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन बहस बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर पास पड़े पत्थर से युवती के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खुद को बचाने रची थी साजिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए साजिश रची। उसने मृतका का मोबाइल बंद कर दिया और उसी फोन से उसकी बहन को भ्रामक संदेश भेजे, ताकि किसी को शक न हो। बाद में मोबाइल को तोड़कर नरकुई नदी में फेंक दिया।

ऐसे खुला राज

30 जून 2026 को कोष्टा पवई जंगल में मानव कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। डीएनए परीक्षण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ