अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप, सीधी पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
थाना बहरी अंतर्गत ग्राम दुअरा कला में एक अज्ञात महिला/युवती का शव अधजली अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मृतका की आयु लगभग 20 से 30 वर्ष प्रतीत हो रही है तथा उसने बिंदी एवं कानों में बाली पहन रखी है। महिला के माथे पर बिंदी एवं कानों में बाली होने से वह सभ्रांत परिवार की प्रतीत होती है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बहरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी *श्री संतोष कोरी* स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी को मृतका की शीघ्र पहचान स्थापित करने, सभी पहलुओं से जांच करने तथा घटना में संलिप्त आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
प्रकरण की विवेचना जारी है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
जनसामान्य से अपील सीधी पुलिस समस्त जिलेवासियों से अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त महिला की पहचान अथवा उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी हो, तो तत्काल थाना प्रभारी बहरी अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचित करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नागरिकों का सहयोग इस मामले के शीघ्र खुलासे में महत्वपूर्ण सिद्ध हो सकता है।

0 टिप्पणियाँ