CM मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से
सीधी जिले के इन हितग्राहियों के खातों में 2 करोड़ 11 लाख से अधिक राशि की ट्रांसफर
सीधी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 33.92 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 203.56 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस पहल के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सीधे बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
सीधी जिले में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्टर कार्यालय स्थित सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग धनंजय मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी धीरज द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी, सूरज सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राहियों ने सहभागिता की।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप संचालक धनंजय मिश्रा ने बताया कि जिले के 35223 पात्र हितग्राहियों के खातों में 2 करोड़ 11 लाख 33 हजार 800 रुपये की राशि अंतरित की गई है। यह राशि समाज के कमजोर, वृद्ध, दिव्यांग, निराश्रित एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए आर्थिक संबल का कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 672, मंदबुद्धि/ बहुविकलांग आर्थिक सहायता योजना के 1527, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 7125, परित्यक्ता पेंशन योजना के 275, निःशक्त पेंशन योजना के 7389, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के 2339, कल्याणी पेंशन योजना के 15878 तथा मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना के 18 हितग्राहियों के खातों में 600 रुपये प्रति हितग्राही की दर से राशि सीधे अंतरित की गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिमाह सीधे बैंक खातों में राशि अंतरण की व्यवस्था से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है तथा हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के शासन की सहायता का लाभ मिल रहा है।

0 टिप्पणियाँ