मझौली।
सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में 4 वर्ष की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने करीब 59 वर्षीय CRPF जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 14 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। मासूम रात के समय घर से बाहर गई थी और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद बच्ची घर लौटी तो वह रो रही थी। परिजनों के पूछने पर बच्ची ने अपनी मां को उसके साथ हुई कथित घटना के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर उसके साथ गलत काम करने का आरोप लगाया। इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर मझौली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बच्ची की मां ने 15 अगस्त 2026 को मझौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विशाल शर्मा के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अगले वर्ष होने वाला था सेवानिवृत्त
पीड़िता के परिजनों के अनुसार घटना 14 अगस्त को ग्राम ताला में हुई। आरोप है कि आरोपित वंश बहादुर सिंह पिता इंद्रभान सिंह बघेल, 59 वर्ष निवासी ग्राम ताला CRPF में पदस्थ है। बताया जा रहा है कि आरोपी अगले वर्ष सेवानिवृत्त होने वाला था।
न्यायालय ने आरोपी को भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल सीधी भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले की विवेचना और न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजर बनी हुई है।

0 टिप्पणियाँ