कुसमी में निः शुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने फ्री में मिलेगी सुविधा
रवि शुक्ला,सीधी
आदिवासी अंचल कुसमी के विद्यार्थियों के लिए शासन एवं प्रशासन एक बड़ी पहल करते हुए कुसमी के मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल में उजियार कार्यक्रम के तहत जनजातीय गौरव कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुंवर सिंह टेकाम, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में हीराबाई सिंह उपस्थित रहे, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि अब आदिवासी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इस सेंटर में इच्छुक विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। कोचिंग सेंटर में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की सुविधा मिलेगी,उन्होंने बताया कि कुसमी उपखंड के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक मिलकर विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रोजेक्टर द्वारा कक्षाएं संचालित होंगी, साथ ही विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री और अच्छी किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस सेंटर की खास बात यह है कि यहां टेस्ट परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में सफल होने वाले विद्यार्थियों को आगे की बेहतर तैयारी के लिए जिला स्तर पर भेजा जाएगा। यह सुविधा खासतौर पर उन गरीब विद्यार्थियों के लिए राहत भरी साबित होगी, जो आर्थिक तंगी के कारण शहरों में कोचिंग लेने में असमर्थ रहते हैं। कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि कुसमी एसडीएम, थाना प्रभारी, विद्यालयों के शिक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी स्वयं समय निकालकर विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवाएंगे,इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे आदिवासी अंचल के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर एसडीएम शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, बीईओ रविचंद दास, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, मॉडल स्कूल के प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य, कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य, भुईमाड़ विद्यालय के प्राचार्य, जूरी विद्यालय के प्राचार्य तथा मझिगवां विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ